गांधी ग्राउंड के जाम लगा तो उनमें काफी संख्या में ऐसे लोग थे जिन्होंने मास्क नहीं लगाया था। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर के बाजारों में लगातार बढ़ रही भीड़ कोरोना का खतरा बढ़ा रही है। वाहनों में लोग ठसाठस भरकर यात्रा कर रहे हैं। दुकानों पर लापरवाही का आलम है। कई दुकानदार न खुद मास्क लगा रहे हैं और न ही ग्राहकों को इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं। बाजार में भी लोग न मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं।
प्रदेश में इन दिनों कोरोना के केस बहुत तेजी से निकल रहे हैं। ऐसे में शासन बेहद सजग है। कोविड-19 को लेकर कड़ाई से गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा है। साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन कराएं ताकि कोरोना के वायरस को फैलने से रोका जा सके।
जिले में अधिकतर लोग कोरोना की गाइड लाइन का पालन करते हुए नजर नहीं आ रहे। मंगलवार को जहां जिले में 49 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं मुख्य बाजार से लेकर सड़कों पर सामाजिक दूरी तो दूर की बात थी, अधिकतर लोग बिना मास्क के दुकानों पर खरीदारी करते दिखे।
कोविड-19 के बढ़ते केसों को ध्यान में रखते हुए डीएम दीपा रंजन ने कुछ दिनों पहले आदेश दिया था कि कोई भी दुकानदार बिना मास्क पहने किसी भी ग्राहक को कोई सामान नहीं देगा। साथ ही व्यापारी भी खुद भी मास्क लगाएंगे। इसके विपरीत मंगलवार को छह सड़क के पास कोविड-19 के नियमों का धज्जियां दिन भर उड़ती रही। लोग बिना मास्क लगाए ही खरीदारी करते दिखे।
इधर, शहर के गांधी ग्राउंड से बाबूराम मार्केंट को जाने वाली सड़क, गांधी ग्राउंड से छह सड़का की ओर जाने वाली सड़क पर दोपहर में जाम लग गया। ऐसे में जहां सामाजिक दूरी का नियम तार-तार हुआ। वहीं अधिकतर लोग बिना मास्क के नजर आए। संवाद