जालंधरी सराय में टूटी पड़ी पाइप में से निकला पानी, इस तरफ सड़क पर आने लगा। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जालंधरी सराय से मीरा सराय जाने वाले रोड पर पालिका के नलकूप से टंकी में जाने वाली मेन पाइप लाइन करीब एक महीने से फटी पड़ी है। पालिकाकर्मियों की लापरवाही का आलम यह है कि रोज ही नलकूप चलता है। इसका पानी लोगों के घरों या टैंक में जाने के बजाय मोहल्ले की गलियों व सड़कों पर बहता है। इससे जलभराव की समस्या हो जाती है।
शहर से शेखूपुर को जाने वाली रोड पर स्थित जालंधरी सराय में नगर पालिका का ट्यूबवेल है। यहां से आसपास के मोहल्लों को पानी की सप्लाई होती है। करीब एक माह पहले ट्यूबवेल से घरों को जाने वाली मुख्य पाइप लाइन टूट गई। ऐसे में जब भी ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई घरों के लिए की जाती है, तो वह पानी घरों पर जाने की वजह से इस टूटी पाइप लाइन से बह जाता है। ऐसे में ये शुद्ध पेयजल लोगों तक नसीब नहीं हो पा रहा। इसको लेकर स्थानीय लोग कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन पालिका प्रशासन के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसकी वजह से मोहल्ले में सुबह और शाम को जलभराव की स्थिति बनी जाती है। पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया जाएगा कि वे वहां पर जाकर देखे और समस्या का समाधान कराएं।
जालंधरी सराय में टूटी पड़ी पाइप में से निकला पानी, इस तरफ सड़क पर आने लगा। संवाद- फोटो : BADAUN