बदायूं। अंडरग्राउंड बिजली लाइन को लेकर पावर कॉरपोरेशन के पास एक दिन में अलग-अलग इलाकों से 13 शिकायतें आईं। इसके बाद इन इलाकों में कार्यदायी संस्था राज कॉरपोरेशन से केबल बॉक्स बंद कराए गए। एसडीओ पनबड़िया नीरज गोवाड़ी और एसडीओ कोतवाली यश भारद्वाज ने इन इलाकों का जायजा भी लिया।
पावर कॉरपोरेशन ने बिजली संबंधी समस्याओं और अंडरग्राउंड लाइन से जुड़ी शिकायतों को लेकर बृहस्पतिवार को दो मोबाइल नंबर 7599560199 और 7599560205 जारी किए थे। लोगों से कहा गया कि अगर कहीं पर किसी तरह की समस्या है तो उससे संबंधित फोटो और लोकेशन संबंधित नंबर पर देकर शिकायत की जा सकती है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को आवास विकास, शिवपुरम, कचहरी, वन विभाग, महिला थाना, सिविल लाइंस और संतोख सिंह तिराहा इलाकों से केबल बॉक्स खुले होने को लेकर 13 शिकायतेें आईं। शिकायतों के आधार पर एसडीओ पनबड़िया और कोतवाली ने इन इलाकों का जायजा लिया। इसके बाद कार्यदायी संस्था आरसीएल को निर्देश दिए।
केबल बॉक्स खुले होने संबंधी शिकायतें आने के बाद इन इलाकों में सभी स्थानों पर केबल बॉक्स को बंद करा दिया गया।
आरसीएल के सीनियर मैनेजर देवेंद्र सिंह का कहना है कि कई स्थानों पर केबल बॉक्स को नुकसान पहुंचाया गया है। ढक्कन चोरी किए गए हैं। जहां भी शिकायत है उसे दूर किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था को अगले तीन वर्ष तक लाइन का अनुरक्षण भी करना है।
-
जहां से भी केबल बॉक्स खुले होने या अन्य किसी तरह की शिकायत मिल रही है उन इलाकों में अभियान चलाकर काम किया जा रहा है। शुक्रवार को आवास विकास, शिवपुरम, कचहरी, वन विभाग, महिला थाना, सिविल लाइंस और संतोख सिंह तिराहा आदि इलाकों में केबल बॉक्स बंद कराए गए हैं। लोगों को भी चाहिए कि वे केबल बॉक्स से छेड़छाड़ न करें।
-नीरज गोवाड़ी, एसडीओ पनबड़िया