बदायूं। सामाजिक सरोकार को लेकर अपनी भूमिका निभा रहे अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम व एमएस डॉ. कप्तान सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया। सुबह दस से शाम चार बजे तक शिविर में 34 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान कर महादानी बनने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा।
मंगलवार को पहले रक्तदाता आवास विकास के यश और दूसरे रक्तदाता सिविल लाइंस थाने के सिपाही कुलदीप यादव बने। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 34 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 12 लोग हीमोग्लोबिन और वजन कम होने के कारण रक्तदान नहीं कर सके। शिविर शुरू होने के बाद लोग खासकर युवा उत्साह के साथ रक्तदान करने पहुंचने लगे। खास बात यह रही कि रक्तदान करने वालों में महिलाएं और छात्राएं भी शामिल रहीं। पुलिस लाइन से रक्तदान को पहुंचे रिक्रूटों में खास उत्साह रहा। 18 लोगों ने भविष्य में जरूरत होने पर रक्तदान करने के लिए पंजीकरण भी कराया।
रक्तदान से पहले रक्तदाताओं के हीमोग्लोबिन, वजन, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम, एमएस डॉ. कप्तान सिंह ने रक्तदाताओं को अमर उजाला की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर के आयोजन में ब्लड बैंक के फार्मासिस्ट शिवम रस्तोगी, एलटी शहरोज खान, सतेंद्र यादव, एलए गंगा सिंह, सुगर पाल सिंह समेत पवन कुमार और प्रदीप कुमार का सहयोग रहा।
-
यह लोग बने महादानी
यश कुमार, कुलदीप यादव, मनोज कुमार, वसीम, मानव शर्मा, दीपक गुप्ता, विमल कुमार, दीप्ति शर्मा, अभिनव, मनीष भारद्वाज, नवरत्न, नेत्रपाल सिंह, अंकित कुमार, दिगपाल, राहुल, दीपेंद्र, पवन कुमार, राहुल, डॉ. अनामिका गुप्ता, गौरव रस्तोगी, इंद्रेश चंद्र, सतेंद्र राठौर, भाजपा नेता मनोज मोदी, पवन शर्मा, जूली गुप्ता, सचिन गुप्ता, डॉ. रचना अग्रवाल, शहनवाज, मुकेश कुमार, मीनाक्षी, शाहिद अली, निमिष, कार्तिकेय, सुमित वर्मा।
-
कुंवरगांव से रक्तदान करने आईं मीनाक्षी
अमर उजाला की ओर से रक्तदान शिविर की सूचना पढ़ने के बाद कुंवरगांव की कीर्ति अकेले ही रक्तदान करने जिला अस्पताल पहुंच गईं। रक्तदान से पहले उनकी जांच के साथ काउंसलिंग की गई। कीर्ति ने पूरे जज्बे के साथ पहली बार रक्तदान किया। बाद में काफी खुशी दिखीं, उन्होंने कहा कि अब वह अमर उजाला के कैंप में नियमित रक्तदान करेंगी।
-
रक्तदान कर काफी खुश दिखे गुप्ता दंपती
शहर के मोहल्ला साहूकारा निवासी सचिन गुप्ता और उनकी पत्नी नियमित रक्तदाता हैं। मंगलवार को भी वह अमर उजाला के रक्तदान शिविर में रक्तदान करने पहुंचे। दोनों ने साथ-साथ रक्तदान किया। भाजपा नेता अशोक भारती भी उनके साथ जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम और अशोक भारती ने उनको प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
-
यह बोले रक्तदाता
अमर उजाला की यह अनूठी पहल है। हर वर्ष अमर उजाला के शिविर में रक्तदान करता हूं। रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि आत्मबल बढ़ता है। कई बीमारियों का खतरा कम होता है। सभी स्वस्थ लोगों को रक्तदान करना चाहिए।
-मानव शर्मा, जिलाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन
-
रक्तदान मानवता ही नहीं बल्कि खुद के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। रक्तदान हृदय रोग समेत कई बीमारियों से बचाता है, इसके साथ ही गंभीर घायलों और बीमारों की जान बचाने के काम भी करता है। रक्तदान सभी स्वस्थ महिला और पुरुषों को जरूर करना चाहिए।
-डॉ. अनामिका गुप्ता, एमबीबीएस छात्रा