उझानी कोतवाली में खड़ी क्षतिग्रस्त जीप देखते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस की जीप सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। जीप में सवार दरोगा दिगंबर सिंह समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों का रात में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। हादसे में जीप का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा रविवार देर रात कछला रोड मार्केट में अशफाक तिराहे के पास हुआ। उस वक्त बिजली गुल थी। जीप को एक पुलिसकर्मी चला रहा था। वह अचानक नियंत्रण खो बैठा। जीप सड़क किनारे बिजली के पोल से भिड़ गई। अगली सीट पर बैठे दरोगा दिगंबर सिंह समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दरोगा दिगंबर की नाक लहलुहान हो गए तो दूसरे पुलिसकर्मी के हाथ में चोट आई। सूचना के बाद तीन-चार पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक उपचार कराया। हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस सूत्रों कहना है कि हादसा सिपाही को झपकी आने से हुआ है। इधर, घायल दरोगा ने बताया कि जीप की रफ्तार खास नहीं थी लेकिन गली से कुछ लोग अचानक निकल आए। उन्हें बचाने की कोशिश में हादसा हो गया। संवाद