उझानी में लिंटर ढहने के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। स्टेशन रोड पर निर्माणाधीन प्रतिष्ठान के बराबर एक दुकान की दीवार और लिंटर ढह गया। दुकान में उस वक्त कई ग्राहक मौजूद थे लेकिन अधिकतर भाग खड़े हुए। मलबे की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गया। यह देख कुछ की देर में मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। भीड़ में मौजूद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया।
हादसा मंगलवार दोपहर में करीब एक बजे हुआ। नगर निवासी बीटू गर्ग की दुकान स्टेशन रोड मार्केट में है। वीटू ने अपनी दुकान का पिछले दिनों निर्माण कार्य शुरू कराया था। साथ ही बराबर खाली पड़ी दुकान में सामान रख लिया गया। उसी दुकान में बिक्री भी शुरू कर दी गई थी। बताते हैं कि निर्माणाधीन स्थल के बराबर वाली दुकान की अचानक दीवार ढह गई। दीवार निर्माणाधीन स्थल पर गिरी। यह देख दुकान के अंदर से ग्राहक भाग खड़े हुए। इसके दो-ढाई मिनट बाद ही लिंटर भी गिर पड़ा।
ऐसे में लिंटर के मलबे की चपेट में आकर मोहल्ला अयोध्यागंज निवासी नईमा बेगम (55) पत्नी जमील अहमद, उसकी पुत्री जुल्फ जहां (23) और जहां आरव (21) के अलावा उमंग घायल हो गए। उमंग, जुल्फजहां के तो कोई खास चोट नहीं आई है लेकिन नईमा और जहां आरव के पैरों में चोट लगी है। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों की भीड़ में से ही कुछ लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। अस्पताल में ही सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। निर्माणाधीन दुकान के मालिक ने बताया कि बराबर दीवार के पास लोहे के गार्डर की सपोर्ट दी गई थी लेकिन फिर भी दीवार गिर गई। संवाद