बदायूं। पीसीएफ गोदाम से तीन करोड़ रुपये की खाद गायब हो जाने के मामले में डीएम दिनेश कुमार सिंह ने पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। डीएम ने इस पूरे मामले की शासन की टीम से उच्चस्तरीय जांच कराने का कहा है। माना जा रहा है कि एक-दो रोज में शासन स्तर से जांच को कमेटी गठित कर दी जाएगी। इस मामले को प्रकाश में आए हुए तीन दिन हो गए हैं लेकिन अभी ये बात सामने नहीं आ पायी है कि इस खाद को कहां पर ठिकाने लगाया गया।
शनिवार को कुछ भाजपा नेताओं ने अलापुर रोड स्थिति पीसीएफ गोदाम से खाद को ठिकाने लगा देने की शिकायत डीएम दिनेश कुमार सिंह से की। डीएम ने तत्काल ही तीन अफसरों की टीम को जांच के लिए मौके पर भेेज दिया। जांच टीम को सब कुछ शिकायत के अनुसार ही मिला। टीम ने पूरी जांच रिपोर्ट उसी दिन डीएम को सौंप दी। जिसमें बताया गया कि तीन करोड़ की 3102 मीट्रिक टन खाद गोदाम से गायब है। जानकारों की माने तो डीएम की ओर से पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जिसमें उन्होंने किसी एजेंसी से जांच कराने को कहा है।
---
तीन दिन बाद भी पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
खाद घोटाले मामले की संबंधितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को एआर कोऑपरेटिव की ओर से उसी शाम थाना सिविल लाइन को तहरीर दी गई। मगर पुलिस ने इस चर्चित घोटाले की अब तक रिपोर्ट नहीं लिखी है। पुलिस बस यही कह रही है कि मामले की वे जांच कर रहे हैं।
--
विभागीय अफसरों को लिखा पत्र
खाद घोटाले की गूंज सहकारिता विभाग तक सुनाई देने लगी है। इस घोटाले में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र सिंह ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। हालांकि डीएम भी शासन को अपना पत्र भेज चुके हैं।
---------------
कितने ट्रकों में लदी खाद, अब ली जाएगी जानकारी
3102 मीट्रिक टन खाद के गायब हो जाने की हर स्तर से जांच हो रही है, क्योंकि यूरिया खाद इफको से आती है। ऐसे में अब इफको से भी इस बात की जानकारी ली जा रही है कि किस ट्रक में कितनी खाद आयी।