बदायूं। जिले में मंगलवार को 51 केंद्रों पर 3052 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान 572 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। मंगलवार को जिले को 11 हजार वैक्सीन की डोज की सप्लाई भी मिली है। बुधवार को भी टीकाकरण किया जाएगा।
सोमवार को जिले में 13 हजार से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया था। जिले को प्रतिदिन 10 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला हुआ है। अब तक जिले में कुल चार लाख 60 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। जिले की कोल्ड चेन में करीब 50 हजार वैक्सीन का स्टॉक मौजूद है। बुधवार को भी जिले में टीकाकरण किया जाएगा। गौर करने वाली बात यह है कि जिले में पहली डोज लेने वालों की संख्या में मुकाबले दूसरी डोज लेने वालों की संख्या काफी कम है। एसीएमओ डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि बुधवार को भी जिले में टीकाकरण किया जाएगा।
जिला पंचायत में भी बनाया केंद्र, टीकाकरण किया
बदायूं। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव के प्रयास से स्वास्थ्य विभाग ने जिला पंचायत परिसर में भी टीकाकरण केंद्र बना दिया है। मंगलवार को जिला पंचायत के सभागार में लोगों को टीका लगाया गया। इस दौरान सौ से ज्यादा लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। जिला पंचायत की कॉलोनी और आसपास के मोहल्लों के लोगों को अब टीकाकरण के लिए जिला या जिला महिला अस्पताल नहीं जाना होगा।