आपसी विवाद के चलते मुहल्ला नेहरूनगर में एक बसपा नेता के बेटे ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां चलाकर एक किशोर व उसके पिता को घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर किशोर को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
दिनदहाड़े हुए इस गोलीकांड से मुहल्ले में सनसनी है। नेहरूनगर निवासी मुकेश अहिरवार (16 वर्ष) के बड़े भाई रामकुमार का कुछ दिन पूर्व मुहल्ले में रहने वाले एक बसपा नेता के पुत्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
घर पर आकर की गाली गलौच
उस समय स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सोमवार को दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई। उस समय तो विवाद नहीं बढ़ा, लेकिन मंगलवार को बसपा नेता का पुत्र अपने साथियों को लेकर रामकुमार को खोजने उसके घर जा पहुंचा।
रामकुमार के न मिलने पर उसने गाली गलौज की। रामकुमार के पक्ष द्वारा कोई प्रतिक्रिया व्यक्त न करने पर वह लोग लौट गए।
अपराह्न लगभग डेढ़ बजे बसपा नेता का पुत्र अपने कुछ साथियों के साथ पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर रामकुमार के घर के निकट मंदिर के पास खड़े होकर गालियां देने लगा।
मौके पर ही घायल हुए पिता-पुत्र
रामकुमार के भाई मुकेश द्वारा गालियां देने से मना करने पर गुस्साए बसपा नेता के पुत्र ने रिवाल्वर से तड़ातड़ गोलियां चला दीं। एक गोली मुकेश के कंधे में, जबकि दूसरी पसली में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
इस दौरान मौके पर मौजूद मुकेश के पिता दिलीप को भी हाथ में गोली लगी, जिससे वह भी घायल हो गया। दोनों के घायल होने पर हमलावर अपने साथियों सहित मौके से भाग गया।
पुलिस ने की जांच शुरू
दिनदहाड़े गोली चलने से मुहल्ला में दहशत फैल गई। घायलों के अन्य परिजन भी भागकर मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज सीएल गुप्ता मौके पर पहुंचे।
घायल मुकेश के भाई रवि ने बसपा नेता के पुत्र व दो अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को घटना की तहरीर नहीं सौंपी गई थी।