विश्व दिव्यांग दिवस : दिव्यांगों ने मनाया काला दिवस, लगाए नारे
बिजनौर। हर साल की तरह इस बार भी तीन दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के रूप में मनाया गया है। वहीं, दूसरी तरफ बिजनौर में राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन द्वारा इसे काला दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान काफी संख्या में दिव्यांगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के नाम एक पत्र डीएम को सौंपा। जिसमें दिव्यांगों के हित के लिए 19 मांग की गई हैं।
इसके साथ ही उन्होंने मांग न पूरी करने पर चुनाव बहिष्कार करने की बात कही। एक तरफ जहां विश्व भर में दिव्यांग दिवस मनाया जा रहा है, वहीं जिले में अपनी हक की लड़ाई के लिए दिव्यांग सड़क पर उतर आए। उन्होंने राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन के बैनर तले जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी करते हुए कहा कि पंजाब, यूपी, राजस्थान सबको पेंशन एक समान। इसके आगे कहा कि हमसे जो टकराएगा, हम जैसा हो जाएगा। यूपी में दिव्यांगों की संख्या 90 लाख से ज्यादा हैं। जबकि पूरे देश में दिव्यांगों की संख्या लगभग 11 करोड़ है। इसके बावजूद केंद्र और राज्य सकार दिव्यांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष एमआर पाशा ने कहा कि दिसंबर माह के लास्ट में एक भव्य प्रोग्राम किया जाएगा। जिसमें दिव्यांग, निराश्रित, गरीब महिलाओं को कंबल, लिहाफ और दिव्यांग महिलाओं को सिलाई मशीन, दिव्यांगों को व्हीलचेयर कैलिपर्स, वैशाखी ट्राई साइकिल निशुल्क वितरित की जाएगी।
विकलांग एसोसिएशन की सरकार से ये मांग
राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन ने सरकार से दिव्यांगों की पेंशन पांच हजार रुपये, प्रदेश में दिव्यांग आयोग का गठन और उसका अध्यक्ष कोई दिव्यांग हो, प्रदेश में सरकारी नौकरी और राशन की दुकान आदि में दिव्यांग आरक्षण कोटा लागू हो, दिव्यांग कन्याओं और युवाओं की शादी के लिए दो लाख की धनराशि दी जाए, आयुष्मान कार्ड बनाए जाने समेत 19 मांग पूरी करने की बात कही है। प्रदेश सचिव मास्टर शहजाद ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हमारे साथ सौतेला व्यवहार करती है। वहीं पार्टी के जिला अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने कहा कि सभी दिव्यांगों को संगठित होना होगा।