महिलाओं ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
धामपुर/शेरकोट। महिला छेड़छाड़ को लेकर गांव भिक्कावाला की महिलाओं ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने 26 जुलाई को गांव की एक युवती को पुलिस कर्मियों के सामने ही छेड़ दिया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई भी की थी। घटना की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महिलाओं का शेरकोट में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना के क्षेत्र के ग्राम भिक्कावाला निवासी महिलाओं ने बताया कि विकास विभाग की ओर से पिछले दिनों उन्हें गांव में सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की एक सदस्य को शौचालय की चाबी सौंपी गई थी। आरोप है कि 26 जुलाई को जब वह शौचालय पर ड्यूटी पर तैैनात थी तो वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने गांव के युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके हाथापाई की। इस मामले की पुलिस को मौके पर ही तहरीर दे दी गई थी, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई। एसओ ने आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा देकर महिलाओं को शांत किया।