खैर की लकड़ी से लदा ट्रक पकड़ा, आरोपी फरार
धामपुर। पुलिस ने गांव करनावाला में खैर के पेड़ों की लकड़ी काटकर चोरी छिपे ट्रक में भरकर ले जा रहे एक ट्रक को बरामद किया है। आरोपी ट्रक को छोड़ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। बताया गया कि ट्रक में करीब 68 पेड़ों की लकड़ी लदी है।
कोतवाल अरुण कुमार त्यागी ने बताया कि गांव के ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने 27 दिसंबर को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके गांव में 126 बीघा जमीन में वन विभाग द्वारा खैर के हजारों पेड़ों को कई दशक पहले लगाया था। अब खैर के पेड़ काफी पुराने और विशाल हो चुके हैं। लेकिन पिछले काफी दिनों से कुछ लोग वन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से पेड़ों का कटान कर रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह खैर की लकड़ी से लदे ट्रक को पकड़ लिया। आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने फरार हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिया है।