तीसरे मृतक युवक की भी हुई पहचान
बिजनौर। विदुरकुटी के पास हुए सड़क हादसे में मरने वाला तीसरा व्यक्ति भी हरिद्वार का ही रहने वाला था। परिजनों ने इसकी पहचान की। रात में ही तीनों शव के पोस्टमार्टम कराए गए। तीनों बिजनौर में बीमार रिश्तेदार की खैर खबर लेने के लिए आए थे। उनकी बाइक से कार या छोटे वाहन से टकराई थी, पुलिस प्रथम दृष्टया यही मान रही है।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। तीनों के शव देख परिवार वालों का रुदन नहीं थमा। किसी तरह पुलिस ने पंचनामा भरकर रात में ही पोस्टमार्टम कराया। परिवार वालों के पहुंचने पर तीसरे मृतक की पहचान 45 वर्षीय सोनी पुत्र हुकुम सिंह निवासी महदूद भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई। बता दें कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बिजनौर-चांदपुर रोड पर विदुरकुटी तिराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुघर्टना में मोनू पुत्र राजकुमार निवासी बहादराबाद हरिद्वार, अमर पुत्र घनश्याम निवासी गांव सलेमपुर बहादराबाद थाना रानीपुर पहचान हो गई थी जबकि तीसरे युवक की पहचान परिवार वालों के पहुंचने पर हुई। मृतक मोनू और अमर सिंह आपस में साढू थे जबकि, सोनी भी दोनों का परिचित था। बताया गया कि शुक्रवार की दोपहर दो बजे हरिद्वार से चले थे। तीनों एक रिश्तेदार की खैर खबर लेने के लिए बिजनौर आए थे।