धामपुर में एसडीएम विजय वर्धन तोमर को ज्ञापन सौपते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : DHAMPUR
किसानों को दी जा रहीं पर्चियों पर नहीं लिखा जा रहा गन्ने का भाव
धामपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम विजयवर्धन तोमर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि चीनी मिलों में गन्ना पेराई सत्र हुए छह दिन बीत गए हैं। सरकार की ओर से गन्ने के रेट की भी घोषणा कर दी गई है। लेकिन स्योहारा चीनी मिल की ओर से किसानों को भेजी जा रहीं पर्चियों में गन्ने का भाव अंकित नहीं किया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पर्चियों में गन्ने का भाव नहीं लिखा गया तो मिल के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
स्योहारा ब्लॉक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कार्यकर्ताओं ने साथ बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि स्योहारा चीनी मिल के अधिकारियों की ओर से गन्ने की पर्चियों में सरकार की ओर से घोषित गन्ने का भाव नहीं लिखा जा रहा है। जो गलत है। मिल की ओर से गेट का इंडेंट भी कम भेजा जा रहा है। जबकि वह कई बार इंडेंट को बढ़ाकर भेजने की मांग कर चुके हैं। एसडीएम को किसानों की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया गया। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो भाकियू की ओर से मिल के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान अरविंद चौहान, देवेंद्र सिंह, नृपेंद्र सिंह राणा, त्रिवेंद्र सिंह, दीक्षित चौधरी, सुशील खन्ना, अर्जुन सेहरावत आदि मौजूद रहे। एसडीएम ने किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।