ऑपरेशन कायाकल्प में लापरवाही पर सख्ती
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ऑपरेशन कायाकल्प में लापरवाही पर सख्त हो गए हैं। उन्होंने बीएसए सहित समस्त एडीओ पंचायत और बीडीओ से कहा कि जिन प्राथमिक विद्यालयों में अभी तक शुद्ध पेयजल, बालिकाओं एवं दिव्यांग बच्चों के लिए शौचालय, रैंप, मल्टी हैंडवॉश और साफ सफाई का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, वे तीन दिन के अंदर सभी कार्य पूरा करा दें। डीपीआरओ पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीओ केपी सिंह को कार्य पूरा न करने वाले एडीओ पंचायत को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत अगर एक सप्ताह में कार्य नहीं होता है, तो संबंधित सचिवों का वेतन रोकने की कार्रवाई व ग्राम पंचायतों के खाते ब्लाक करें। कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत आने वाले सभी कार्य मानक के अनुसार जल्द से जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें। सचेत करते हुए कहा कि निर्धारित समय के बाद कार्य अपूर्ण पाए जाने पर संबंधित बीडीओ व एडीओ पंचायत के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्कूलों की रंगाई पुताई तत्काल कराने के निर्देश दिए।