जिले में सपा कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल
बिजनौर। सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए महंगाई समेत कई मांगों को लेकर जिला मुुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरीकेडिंग हटाकर पुलिस के साथ धक्कामुक्की करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। अपनी मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक को ज्ञापन दिया।
बृहस्पतिवार सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और वहां से प्रदर्शन शुरू किया। पार्टी कार्यालय के बाहर बैरीकेडिंग कर पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वे धक्कामुक्की करते हुए बाहर निकल आए। कलक्ट्रेट के बाहर भी बैरीकेडिंग हटाकर नारेबाजी करते हुए अंदर आ गए और वहां धरना देकर बैठ गए। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आग उगली। सपाई जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। कहा कि इससे लोकतंत्र की हत्या हुई है। बढ़ती महंगाई, कानूनी व्यवस्था पर भी प्रदर्शन किया। सपाइयों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी व न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने की गारंटी देने, किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान कराने, कृषि कानूनों को वापस लेने, बढ़ती महंगाई कम करने, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाद बीज के दाम कम करने, बेरोजगारों को रोजगार देने, कानून व्यवस्था को दुरुस्त कराने, महिलाओं के साथ हो रहे अपराध रोकने, सपा नेता आजम खां व उनके परिवार वालों व कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद कराने, उन पर फर्जी मुकदमे लगाने पर रोक लगाने, भाजपा सरकार में किए जा रहे संगठित अपराध पर रोक लगाने, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त कराने, कोरोना काल में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराने व मृतकों को मुआवजा देने की मांग की गई। इस दौरान डा.रमेश तोमर, पंकज विश्नोई, अखलाक पप्पूू, आशुतोष विश्वकर्मा, प्रभा चौधरी, कमलेश भुइयार, श्लोक पवार, मुदित त्यागी आदि मौजूद रहे।