15 जुलाई को सपा का धरना प्रदर्शन
नजीबाबाद। प्रांतीय आह्वान पर जिला पंचायत एवं ब्लॉक प्रमुख चुनाव में धांधली के विरोध में सपा विधायक हाजी तसलीम अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता 15 जुलाई को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना देंगे।
सपा विधायक हाजी तसलीम अहमद के कैंप कार्यालय पर प्रांतीय आह्वान पर 15 जुलाई को तहसील मुख्यालयों पर दिए जाने वाले पार्टी के धरना-प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई। लंबी बीमारी के बाद कार्यकर्ताओं से पहली बार रूबरू होते हुए विधायक हाजी तसलीम अहमद ने जिला पंचायत चुनाव और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव में प्रदेश सरकार के इशारे पर हुई धांधली और गुंडागर्दी के विरोध में पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर 15 जुलाई को तहसील परिसर में विरोध धरना प्रदर्शन की जानकारी दी। विधायक ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के साथ राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपने की जानकारी दी। सपा की बैठक में वरिष्ठ सपा नेता मुनव्वर अली, जिला उपाध्यक्ष नवेद इकबाल, नितिन कश्यप, नईम मकरानी, अनवर खां मंसूब, इंजी.शादाब हैदर, फुरकान कस्सार, शिवकुमार जोशी, शाहिद मलिक, मो.फहीम, शाहिद हुसैन सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।