बाढ़ के पानी से गंगा में बैराज के आसपास जमा हुई सिल्ट
बिजनौर। भले ही गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट आई लेकिन, उफान अभी काफी है। खादर इलाकों के गांव तक पानी भरा हुआ है। वहीं बाढ़ के पानी से गंगा में बैराज के आसपास सिल्ट भी जमा हो गई है। पूरे दिन बाढ़ नियंत्रण विभाग जलस्तर पर नजर बनाए रहा।
बृहस्पतिवार को हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज से गंगा में एक लाख छह हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया जबकि बिजनौर बैराज से दोपहर तक एक लाख 27 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाता रहा। सुबह बैराज पर जलस्तर 219.70 मीटर बना हुआ था, शाम पांच बजे जलस्तर में कमी के साथ 219.50 मीटर दर्ज हुआ। हालांकि बैराज से शाम के समय 96 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
उधर, बारिश थमने से गंगा के उफान में मामूली कमी आई है। इसके बाद भी गंगा के खादर इलाकों में बाढ़ का पानी अभी भी भरा हुआ है। रावली और ब्रह्मपुरी तथा सलेमपुर खादर गांव के आसपास गंगा का पानी मौजूद है। खादर के ग्रामीण बाढ़ के सामने लाचार हो गए हैं। न चारे की व्यवस्था हो पा रही है और न ही धान की कटाई।
सिल्ट साफ होने में लगेगा वक्त
सिंचाई विभाग के अफसरों की मानें तो बाढ़ का पानी अपने साथ सिल्ट भी लेकर आया है। पहाड़ों की मिट्टी आने से बैराज के आसपास गंगा के पानी में उफान ज्यादा दिखाई दे रहा है। क्योंकि एक लाख क्यूसेक पानी के डिस्चार्ज पर गेज मीटर कम होना चाहिए था। अब पानी कम होगा तो सिल्ट कट कर आगे की तरफ बह निकलेगी।
बाढ़ के पानी से गंगा में सिल्ट आ गई है। पानी कम होने पर धीरे-धीरे सिल्ट साफ हो जाएगी। फिलहाल जलस्तर में कमी आई है।
- बीएस चाहर, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड पांच