माध्यमिक स्कूलों को छात्रों के दाखिलों के लिए दो दिन का समय
बिजनौर। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालय पठन-पाठन के लिए 16 अगस्त को खुलेंगे, जबकि शासन ने विभिन्न कक्षाओं में दाखिले की आखिरी तारीख 17 अगस्त तय की है। यूपी बोर्ड ने विद्यालयों से तय समय तक दाखिले फाइनल करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों को पठन-पाठन के लिए स्कूल खुलने के बाद मात्र दो दिन में सभी दाखिले पूरे करने हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के 387 माध्यमिक विद्यालय है। कोरोना के बाद विद्यालय एक जुलाई से खुल गए हैं। शिक्षक तथा कर्मचारी स्कूल आ रहे हैं। छात्र स्कूल नहीं आ रहे हैं। शासन के एक जुलाई से छात्रों के दाखिले करने के निर्देश थे। जानकारी के अनुसार छात्र बहुत कम संख्या में दाखिला लेने आ रहे हैं। अब शासन ने 16 अगस्त से स्कूलों को छात्रों के पठन पाठन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों को दो शिफ्ट में खोलने को कहा गया है। शिक्षक स्कूल दो शिफ्ट में खोलने का विरोध कर रहे हैं। उधर, माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्य कांत शुक्ल ने 10 अगस्त को छात्रों के दाखिलों को लेकर पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि विद्यालय कक्षा 10 पास छात्रों का कक्षा 11 में प्रवेश व पंजीकरण तथा कक्षा छह, सात, आठ, नौ व ग्यारह के अगली कक्षाओं में प्रमोट किए गए छात्रों का प्रवेश तथा पंजीकरण 17 अगस्त तक पूरा कर लें। विद्यालय दाखिलों के लिए मात्र दो दिन का समय मिलने को लेकर असमंजस में हैं। विद्यालयों का कहना है कि अभी बहुत कम संख्या में छात्रों ने दाखिले लिए हैं।
कक्षा छह, सात, आठ के दाखिले कैसे होंगे
शासन 16 अगस्त से स्कूलों को छात्रों के लिए पठन-पाठन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि 16 अगस्त से केवल नौ, दस, ग्यारह व बारह के छात्रों को ही बुलाया गया है। विद्यालयों का कहना कि कक्षा छह से आठ तक के छात्रों को बुलाया नहीं गया है। कोरोना के कारण मार्च से स्कूल बंद है। अभिभावक छोटे बच्चों को स्कूल भेजने को तैयार नहीं हैं तो फिर जूनियर कक्षाओं में दाखिले कैसे होंगे।