19 अक्तूबर को शुरू होगा चीनी मिल का पेराई सत्र
धामपुर। धामपुर चीनी मिल के उपाध्यक्ष एमआर खान ने बताया कि चीनी ने सोमवार को पेराई सत्र 2020-21 का शत प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान 764.30 करोड़ रुपये संबंधित गन्ना समितियों को कर दिया है। महाप्रबंधक (गन्ना) ओमवीर सिंह ने किसानों को संदेश दिया कि अबकी बार चीनी मिल पिछले सालों की तुलना में करीब दस दिन पहले चलेगी। पिछले साल चीनी मिल 29 अक्तूबर को चली थी, लेकिन 19 अक्तूबर को चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू हो जाएगा। इसलिए किसान गन्ने की निराई गुड़ाई से लेकर गन्ने की मिट्टी चढ़ाई और बंधाई का काम पूरा कर लें। बताया गया कि चीनी मिल को पिछले साल की तुलना में पहले इसलिए चालू किया जा रहा है कि जिससे किसान अपने खेतों से गन्ने की आपूर्ति जल्द कर गेहूं की बुवाई समय से कर सकें। बीते सत्र में धामपुर चीनी ने पेराई के क्षेत्र में देश में नंबर वन स्थान प्राप्त किया था। उनका प्रयास है कि आने वाले सत्र में धामपुर चीनी मिल पेराई के क्षेत्र में नंबर वन होने का रिकॉर्ड दोहरा सकें। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रशासन) विजय गुप्ता, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक मनोज चौहान रहे।