वायरल वीडियो पर बवाल, राजद्रोह का केस दर्ज
बिजनौर। बिजनौर सीट पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो के वायरल वीडियो के आधार पर गठबंधन के प्रत्याशी सहित कई लोगों पर राजद्रोह का केस दर्ज होने के बाद सियासत गर्मा गई। पुलिस ने राष्ट्रद्रोह सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दावा किया है कि वीडियो में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं।
यह वीडियो गठबंधन प्रत्याशी डॉ. नीरज के काजीपाड़ा जुलाहान में जनसंपर्क के दौरान का बताया जा रहा है। शहर कोतवाली पुलिस की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में गंठबंधन प्रत्याशी डाक्टर नीरज सहित 25 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। राजद्रोह, धार्मिक भावनाओं को आहत करने, मिथ्या कथन समेत आचार संहिता और महामारी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साजिश के तहत भाजपा ने दर्ज कराई रिपोर्ट नीरज
गठबंधन प्रत्याशी डॉ. नीरज चौधरी ने पत्रकार से वार्ता करते हुए इसे भाजपा की साजिश करार दिया। कहा कि वीडियो में आकिफ भाई जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं, उसमें कहीं भी आपत्तिजनक शब्द नहीं है। आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर भाजपा की साजिश के तहत यह मुकदमा दर्ज किया है। डॉ. नीरज ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग और चुनाव आयोग द्वारा जिले में भेजे गए प्रेक्षक को भी की है। उन्होंने वीडियो की जांच कराने की मांग की है।
-वायरल वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो की विधि विज्ञान प्रयोगशाला से जांच कराई जाएगी। जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे - डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी बिजनौर
-गठबंधन प्रत्याशी मेरे घर पर जनसंपर्क करने आए थे। इस दौरान आकिफ भाई जिंदाबाद के नारे लगे थे, जो वीडियो वायरल हुई है उसे तोड़मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। आकिफ अंसारी, काजीपाड़ा जुलाहान, बिजनौर
-यह वीडियो मैंने भी देखा और सुना है। इस वीडियो को ध्यान से सुना तो आकिफ भाई जिंदाबाद की आवाज सुनाई दे रही है, इसमें कुछ गलत सुनाई नहीं पड़ रहा है। राहुल देशवाल, संयुक्त सचिव आईएमए
-मुकदमे जो धाराएं हैं, वह संगीन है, इन धाराओं में आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। रही बात वीडियो की तो विवेचना में साफ हो जाना चाहिए, क्या कहा जा रहा है। यदि वीडियो विवादित है तो पहले उसकी भी जांच करा लेनी चाहिए। अनिल चौधरी वरिष्ठ अधिवक्ता
-चुनाव तो आते जाते रहते है, लेकिन हम सबको आपसी भाईचारा बनाकर रखना चाहिए। सभी नेताओं को स्वस्थ राजनीति का परिचय देना चाहिए। चुनाव दर्ज होने वाले मुकदमों की सच्चाई सभी जानते हैं। इसलिए सभी को गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सुमन चौधरी, समाजसेवी
जयंत चौधरी ने किया ट्वीट
बिजनौर। बिजनौर से रालोद प्रत्याशी डॉ. नीरज चौधरी के खिलाफ दर्ज हुए राजद्रोह के केस में जयंत चौधरी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि मतदाताओं को सतर्क रहना है, ये चुनाव भाईचारा बनाम भाजपा है। न्यू इंडिया में आकिब भाई जिंदाबाद को पाकिस्तान जिंदाबाद बताया जा रहा है।