पंचायतों में तैयार मेरिट सूची की दोबारा जांच
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक की नियुक्ति के लिए तैयार मेरिट सूची के जांच के आदेश दिए हैं। जिले पर अधिकारियों की कई टीम जांच में जुटी हैं। इसलिए पंचायत सहायक की नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अभी दो तीन दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
जिले में 1123 पंचायत हैं। हर पंचायत में पंचायत सहायक की नियुक्ति होनी है। शासन से पंचायत सहायक की नियुक्ति लिए आवेदन करने से लेकर नियुक्ति पत्र मिलने तक की प्रक्रिया का कार्यक्रम तय था। जिले की 1123 पंचायतों में 12482 आवेदन प्राप्त हुए थे। पंचायत सहायक के लिए योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित है। उसी के आधार पर आवेदन कर्ताओं की मेरिट सूची पंचायत स्तर पर बनी थी। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया की मेरिट सूची दो दिन पहले पंचायतों में चस्पा कर दी गई थी। चुने गए अभ्यर्थियों की सूची का डीएम के अनुमोदन के बाद 10 सितंबर को घोषणा होनी थी।
डीपीआरओ ने बताया कि डीएम उमेश मिश्र नियुक्ति प्रक्रिया में पूरी तरह पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर सख्त हैं। इसलिए डीएम ने पंचायतों में तैयार मेरिट सूची की अभिलेखों से मिलान कर बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच शुरू हो गई है। वहीं, तय कार्यक्रम के अनुसार नियुक्ति की अंतिम सूची जारी नहीं होने से अनेक आवेदन कर्ता जानकारी लेने विकास भवन आते रहे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में नियुक्ति पत्र जारी होने में हो रही देरी से खलबली थी। नरेंद्र, जगपाल आदि ग्रामीणों ने मेरिट की दोबारा जांच को सही बताया है।