16 से माध्यमिक स्कूलों को खोलने की तैयारी
बिजनौर। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालय 16 अगस्त को छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन के लिए खुल जाएंगे। शासन स्तर से पहले दिन विद्यालयों में जाकर व्यवस्थाओं जानकारी लेने के लिए अधिकारी नामित किए गए हैं। डीआईओएस दफ्तर गाइडलाइंस के अनुसार व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में लगा है।
कोरोना के कारण माध्यमिक विद्यालय मार्च से बंद हैं। एक जुलाई से स्कूल शिक्षकों के लिए खोल दिए गए हैं। कोरोना की स्थिति सामान्य होने की ओर है। इसलिए शासन ने 16 अगस्त से माध्यमिक विद्यालयों को कक्षा नौ से बारह तक खोलने का फैसला लिया है। स्कूल दो पालियों में खुलेंगे। पहली पाली सुबह आठ बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली 12.30 बजे से चार बजे तक है। हर पाली में छात्रों को कक्षावार 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ बुलाया गया है। शासन ने स्कूलों के खोलने के लिए गाइडलाइन जारी की है। जिनका पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी डीआईओएस की है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जिले में 387 विद्यालय हैं। सभी विद्यालयों को गाइडलाइन भेज दी गई है। स्कूल खुलने से पहले विभागीय नोडल अधिकारियों से हर स्कूल की जांच कराई जा रही है। नोडल अधिकारी 14 अगस्त तक व्यवस्थाओं के बारे में डीआईओएस कार्यालय में रिपोर्ट देंगे।
नामित अधिकारी 10 विद्यालयों का करेंगे निरीक्षण
शासन की मुख्य सचिव आराधना शुक्ला द्वारा जारी पत्र के अनुसार 16 अगस्त को स्कूल पठन-पाठन को खुलेंगे। कक्षा नौ से बारह तक के छात्र-छात्राएं आएंगे। पहले दिन ही शासन से नामित अधिकारी विद्यालयों में जाएंगे। जनपद लिए उप प्राचार्य डायट बिजनौर ब्रजेंद्र सिंह निरीक्षण अधिकारी नामित है। निरीक्षण अधिकारी कम से कम 10 नगरीय व ग्रामीण विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण अधिकारी अपनी रिपोर्ट उसी दिन लिंक पर अपलोड करेंगे।