संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले की जमीन में पहली बार गेहूं की तीन उन्नत नई प्रजातियों की बुवाई हुई हैं। नई उन्नत गेहूं प्रजाति बीज डीबीडब्ल्यू 370, डीबीडब्ल्यू 371 एवं डीबीडब्ल्यू 372 की सरकारी फार्म में बुवाई हुई। कृषि अफसरों का दावा है कि यह गेहूं की उन्नत प्रजाति अच्छा उत्पादन देने वाली है। इसमें बंपर उत्पादन के साथ-साथ लागत घटेगी, वहीं इससे बनी रोटियों में स्वाद ज्यादा होगा।
जनपद बिजनौर में गेहूं बुवाई करीब एक लाख हेक्टेयर में होती है। गन्ना फसल के बाद जिले में दूसरे नंबर पर गेहूं बुवाई होती है। गन्ना उत्पादन कम निकलने के कारण इस बार भी गेहूं बुवाई ज्यादा हो रही है। कृषि विभाग के अनुसार गत सीजन में एक लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्रफल में गेहूं बुवाई हुई थी। कहा कि इस बार गेहूं बीज की मांग काफी रही है। किसानों को उन्नत प्रजाति के डीबीडब्ल्यू 327, डीबीडब्ल्यू 303, 187 आदि उपलब्ध कराई गई। अभी जनपद में गेहूं बुवाई चल रही है।