कोहरे से गिर रहा पारा, बढ़ रही ठंड
बिजनौर। नवंबर के महीने में तापमान लगातार गिर रहा है और ठंड बढ़ती जा रही है। इस बार नवंबर में ही कोहरा आना शुरू हो गया है। घना कोहरा आने से आगे ठंड और बढ़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को जिले में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया।
दीपावली के बाद दो तीन दिन तक तो मौसम गुनगुना रहा, लेकिन अब सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर में आमतौर पर जिले में कोहरा नहीं आता है, लेकिन इस बार ऐसा हो रहा है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कोहरा आया। कोहरे ने पारे को भी एकदम से गिरा दिया है। सुबह करीब दस बजे तक कोहरा छाया रहा। कोहरा आने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वहीं, मौसम में ठंडक बढ़ने से किसान खुश हैं। खेतों में गन्ने की छिलाई शुरू हो गई है। गन्ने के खेत खाली करके किसान गेहूं बोते हैं। जिस साल सर्दी अच्छी होती है, उस साल गेहूं की पैदावार भी अच्छी होती है। जिले में गेहूं की बुवाई लगभग शुरू हो चुकी है। नरदेव सिंह, संदीप त्यागी आदि किसानों का कहना है कि ठंड होना किसानों के लिए अच्छा रहेगा।
दिन न्यूनतम तापमान
01 नवंबर 11.4
02 नवंबर 11.3
03 नवंबर 12.2
04 नवंबर 11.6
05 नवंबर 10.2
06 नवंबर 10
07 नवंबर 10.1
08 नवंबर 9.9
09 नवंबर 10.8
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में है।