दो शावकों के साथ दिखाई दी मादा गुलदार
अफजलगढ़/रेहड़। गांव दहलावाला में गुलदार ने पशुशाला के समीप से एक कुत्ते को उठा लिया। शोर मचाने पर गुलदार कुत्ते को छोड़कर खेतों में भाग निकला। दहशतजदा ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
शनिवार की रात गांव निवासी बलवीर गांव के बाहर बनी अपनी पशुशाला के पास लेट रहा था। तभी रात साढ़े नो बजे मादा गुलदार अपने दो शावकों के साथ पशुशाला में आई तथा पालतू कुत्ते को उठाकर ले जाने लगी। बलदेव के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। शोर सुनकर मादा गुलदार कुत्ते को छोड़कर खेतों में भाग निकली। ग्रामीण सुरेंद्र, मुकेश, नरोत्तम, राजेंद्र आदि ने बताया कि पिछले एक माह से मादा गुलदार अपने दो शावकों के साथ खेतों के आसपास घूम रही है। वन दरोगा नगीना रेंज शेख निजामुद्दीन ने कहा कि मामले की जांच कराएंगे।
वहीं, अफजलगढ़ के गांव प्रेमपुरी में दस दिन पूर्व पिंजरा लगाए जाने के बाद भी गुलदार वन विभाग की पकड़ से बाहर है। गांव प्रेमपुरी में करीब दस दिन पूर्व गुलदार पेड़ पर चढ़ गया था और लगातार कुछ दिनों से जंगल व गांव के आसपास लगातार दिखाई पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग के बाद वन विभाग की ओर से दस दिन पूर्व गांव में गुलदार की चहलकदमी के स्थान पर पिंजरा व ट्रैप कैमरा लगाया गया था। किन्तु दस दिन बीतने के बाद भी गुलदार अभी तक वन विभाग की पकड़ से बाहर है। वन दरोगा सुनील राजौरा ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।