नजीबाबाद-खस्ताहाल नहर पटरी मार्ग से गुजरते वाहन।संवाद
नजीबाबाद। हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग और नजीबाबाद-बुंदकी राज्य मार्ग को जोड़ने वाला पूर्वी गंग नहर पटरी मार्ग बेहद खस्ताहाल है। नहर पटरी मार्ग ग्राम पंचायत जालबपुर गूदढ़ को गोशाला जोड़ने के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान बाईपास मार्ग के रूप में इस्तेमाल होता है। गोवंश प्रेमियों को गोशाला में चारा आदि पहुंचाने में उठानी पड़ रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग को जोड़ने वाला पूर्वी गंग नहर पटरी मार्ग मार्ग करीब ढाई किलोमीटर लंबा है। सिंचाई विभाग द्वारा कई वर्ष पहले बनवाया गया था। नहर पटरी मार्ग से जालबपुर गूदढ़, शाहजहांपुर, भौनावाला, घोसीपुरा, खिदरीपुरा, अलावलपुर नैनू, सरवनपुर आदि गांव के ग्रामीण मार्ग से गुजरते हैं। ग्राम पंचायत जालबपुर गूदढ़ की गोशाला मार्ग पर बनी है। गोवंशों को चारा और स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए खस्ताहाल मार्ग से आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है।
जय प्रकाश, गंगाराम, रोशन लाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल बाईपास के रूप में करते हैं। सावन मास से कांवड़ यात्रा शुरू होगी तो शिवभक्तों को भी नहर पटरी मार्ग से गुजरते समय परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जालबपुर गूदढ़ की ग्राम प्रधान नंदिनी राजपूत ने बताया कि उन्होंने कई बार सिंचाई विभाग को खस्ताहाल मार्ग से अवगत कराया है। गोसेवकों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। उधर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता त्रिलोकचंद ने बताया कि मार्ग का निर्माण पांच वर्ष पहले हुआ था। अब कार्य योजना में इसे शामिल किया गया है। बजट स्वीकृत होते ही मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।