संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विश्व हिंदू परिषद के जिला सह धर्म प्रसार प्रमुख ज्ञानेश्वर सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। हमले में विहिप नेता बुरी तरह घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में नगर पंचायत झालू के चेयरमैन और भाजपा नेता समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। झालू के मोहल्ला महाजनान निवसी विश्व हिंदू परिषद के जिला सह धर्म प्रसार प्रमुख ज्ञानेश्वर सिंह रविवार की सुबह छह बजे गोलबाग की ओर साइकिल से सैर कर रहे थे। आरोप है कि झालू-गोलबाग के बीच में गोशाला के पास मुकुल और शुभम ने अपनी बाइक आगे लगाकर उन्हें जबरन रोक लिया। किसी धारदार हथियार ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया।
घायल अवस्था में उन्होंने करीब 300 मीटर तक भागकर शोर मचा दिया। इसके बाद पास के खेत में काम कर रहे व्यक्ति आ गए, जिन्हें देख आरोपी मौके से धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घायल हालत में किसी तरह झालू चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, पुलिस ने पीड़ित की तहरीर आरोपी मुकुल पुत्र राजू, शुभम पुत्र नरेंद्र, झालू नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेन्द्र चौधरी, उनके भाई उपेंद्र चौधरी और अजीत सिंह उर्फ रुबी पर रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष, उनके भाई और अजीत सिंह पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। ी