उत्तर प्रदेश के बिजनौर में खो-खो की नेशनल खिलाड़ी की हत्या में एसआईटी ने अपनी जांच तेज कर दी है। एसआईटी की टीम बिजनौर पहुंची, जिसने मौका-ए-वारदात का बारीकी से मुआयना किया। एक-एक पहलू पर जांच कर पीड़िता के परिवार वालों के बयान दर्ज किए। वहीं, आरोपी के घर भी पहुंचकर टीम ने पूछताछ की।
बिजनौर शहर की सर्वोदय कॉलोनी निवासी खो-खो की नेशनल खिलाड़ी की दस सितंबर को घर लौटते समय रेलवे स्टेशन के ग्राउंड में दुष्कर्म के प्रयास में विफल होने पर हत्या कर दी गई थी। हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका जाहिर की गई थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए गांव आदमपुर निवासी शहजाद उर्फ खादिम को गिरफ्तार जेल भेज दिया था। खुलासा करते वक्त पुलिस ने बताया था कि आरोपी ने नशे की हालत में खो-खो की नेशनल खिलाड़ी को अकेले जाते देख पकड़ लिया था और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा: सहारनपुर में दंपती समेत तीन की मौत, कार के उड़े परखच्चे
वहीं दुष्कर्म के प्रयास में विफल होने पर उसने हत्या कर दी थी। अब मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने बिजनौर आए 21 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लिया। जिनके निर्देश पर डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने एसआईटी का गठन किया था।
यह भी पढ़ें: धर्मांतरण मामला: धर्म वापसी, पर परिवार ने ठुकराया, सौरभ गुप्ता ने पत्नी शादमा और बच्चों को छोड़ा, अब खुलेंगे मौलाना के बड़े राज
एसआईटी की टीम में शामिल एसपी यातायात मुरादाबाद अशोक कुमार, सीओ रामपुर धर्म सिंह, विशेष प्रकोष्ट प्रभारी मुरादाबाद पुष्पा देवी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर बिजनौर राधेश्याम और स्वाट प्रभारी नरेश कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद टीम मृतका के घर पहुंची। टीम ने मृतका के परिजनों के बयान लिए। इसके बाद एसआईटी की टीम हत्यारोपी शहजाद के घर पहुंची और परिजनों से मामले में पूछताछ की।