गांव जलाऊदीपुर से गैर जनपद के दो पॉवर कोल्हू संचालक किसानों के गन्ना भुगतान की लाखों रुपये की रकम लेकर फरार हो गए । इससे आक्रोशित किसानों ने कोल्हुओं पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। किसान मौके पर पड़ा सामान उठा ले गए। थाने में मामले की तहरीर दी गई है।
गांव जलाऊदीपुर में मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे के किनारे गांव के मुन्ने खां व कलवा के खेत हैं। खेत स्वामियों के अनुसार जनपद सहारनपुर के गांव राजोपुर निवासी दो सगे भाई गुलजार व जुल्फिकार ने उनकी जमीन किराए पर लेकर दो कोल्हू चला रखे थे।
क्षेत्र के अनेक किसानों ने उक्त कोल्हुओं पर उधार गन्ना डाल रखा था। शनिवार की सुबह करीब सात बजे कुछ किसान कोल्हू संचालकों से गन्ने का भुगतान लेने पहुंचे। तो वहा उन्हें कोई नहीं मिला। सूचना मिलते ही और किसान मौके पर जमा हो गए।
आक्रोशित किसानों ने जमकर हंगामा किया।
किसानों ने बताया कि कोल्हू संचालक खेत स्वामी कलवा के चार लाख, मुन्ने के अस्सी हजार, कैलाश के चालीस हजार, कौशल के पैंतीस हजार, बिल्लू के तेईस हजार, लेबर ठेकेदार सुखबीर सिंह के सत्ताईस हजार रुपये की रकम लेकर फरार हो गए।
किसान कोल्हुओं पर पड़ा सामान उठाकर अपने साथ ले गए। दीपक, यामीन, महेंद्र, पुष्पेंद्र व सुदेश आदि पीड़ित किसानों ने अम्हेड़ा पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी है। क्षेत्र में गैर जनपदों के कोल्हू संचालकों ने कई कोल्हू चला रखे हैं। चौकी प्रभारी टेकराम सिंह का कहना है, कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।