बिजनौर में रेलवे स्टेशन चौराहे के पास शराब की तीन दुकान खोलने के विरोध में शुक्रवार की रात महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। यही नहीं बैनर भी फाड़ दिए और शराब की बोतल बाहर फेंक दीं। पुलिस ने महिलाओं को किसी तरह शांत किया। इस मामले में महिलाओं ने शनिवार को डीएम अटल कुमार राय को ज्ञापन शराब की दुकान कहीं और शिफ्ट कराने की मांग की है।
गांव आदमपुर में स्टेशन चौराहे के पास शराब की तीन दुकान खोली जा रही हैं। पास की श्याम विहार कॉलोनी निवासी महिलाएं इनका विरोध कर रही हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे कॉलोनी की महिलाएं एकत्र होकर मौके पर पहुंची और हंगामा किया। महिलाओं ने एक दुकान में लगे बैनर फाड़ दिए व शराब की बोतल भी फोड़ दीं। दुकान पर मौजूद कर्मचारी भाग गए।
महिलाओं का कहना था कि उक्त स्थान के लिए कोई दुकान आवंटित नहीं हैं। पेद्दा गांव की दुकान भी यहां खोली जा रही है और कहीं के लिए आवंटित दुकानें यहां खोली जा रही हैं।
चौराहे के पास अस्पताल, स्कूल, मंदिर, मस्जिद आदि प्रतिष्ठान हैं। महिलाएं दुकान कहीं और शिफ्ट कराने की मांग पर अड़ गईं। महिलाओं ने आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक हंगामा किया। पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर घर भेजा।
शनिवार को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक सुनील राजपूत के साथ डीएम अटल कुमार राय को इस संबंध में ज्ञापन दिया गया। डीएम अटल कुमार राय ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
इस दौरान रेनू सिंह, निर्मला देवी, अनीता, राधा, संतोष, सरोज, पुष्पा, गीता, आंचल, ललिता, सुरभि, अंशू, भावना, सुमित्रा आदि महिलाएं मौजूद रहीं।