बसपा विधान सभा क्षेत्र प्रभारी को भेजा जेल
नजीबाबाद। गाजियाबाद में पकड़े गए अजमल पहाड़ी के साथ नाम जुड़ने पर गिरफ्तार किए गए बसपा के विधान सभा क्षेत्र प्रभारी मो. अहसान को पुलिस ने जेल भेज दिया। बसपा नेता अहसान ने राजनीति के तहत उन्हें झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया।
हत्या, लूट और रंगदारी मांगने के कई मामलों में मुजफ्फरनगर निवासी अजमल पहाड़ी के गाजियाबाद में गिरफ्तारी के बाद नजीबाबाद पुलिस ने प्रापर्टी डीलर मो. अहसान को गिरफ्तार किया था। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को अजमल पहाड़ी ने अहसान से नजदीकियां होने तथा उसके इशारों पर भी अपराधों को अंजाम देने का खुलासा किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधी को पनाह देने के मामलों में सीधी संलिप्तता पाए जाने पर मो. अहसान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जेल जाने से पूर्व बसपा के विधान सभा प्रभारी मो. अहसान ने अपराधी अजमल पहाड़ी से कोई संबंध न होने का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उनके राजनीति में सक्रिय होने तथा हाल ही में बसपा का विधान सभा प्रभारी बनाए जाने से विरोधी नाराज थे। मो. अहसान ने राजनीति के तहत उन्हेें अपराधी के साथ जोड़कर उन पर झूठे मामले में कार्रवाई कराने का विपक्षियों पर आरोप लगाया।