निजी टेलीकॉम कंपनी के दफ्तर पर हंगामा
किरतपुर। बाइक की टक्कर लगने से घायल हुए युवक को पीटने के मामले में मृतक के पिता ने ग्रामीणों के साथ टेलीकॉम कंपनी के कार्यालय पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और आरोपी विक्रम को हिरासत में ले लिया। अन्य कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले आई।
सोमवार को गांव शाहपुर सुक्का निवासी विवेक पुत्र जगदीश प्रसाद अपनी बाइक से किरतपुर आ रहा था। नेशनल हाइवे स्थित एक बैंक्वेट हाल के सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई थी। इस मामले में विवेक के पिता जगदीश प्रसाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि किरतपुर में स्थित एक निजी टेलीकॉम कंपनी के कार्यालय के कार्यरत कर्मचारी विक्रम और उसके साथियों ने विवेक की पीट पीटकर हत्या कर दी। बुधवार को हत्या में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वह ग्रामीणों के साथ कंपनी के कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के नामजद आरोपी विक्रम को हिरासत में ले लिया तथा कार्यालय में कार्यरत आधा दर्जन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है जांच की जा रही है।