दो पशु व्यापारियों से लूटपाट
नहटौर। दो पशु व्यापारियों के साथ मारपीट करते हुए तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख दो हजार रुपये लूट लिए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, बदमाशों की तलाश की जा रही है।
मोहल्ला नेजो सराय निवासी सुल्तान अहमद और इलियास अहमद नूरपुर के पशु बाजार में पशु बेचने गए थे। बताया जाता है कि दोनों बाइक से दोपहर के समय लौट रहे थे। नहटौर-नूरपुर मार्ग पर खंडसाल के रास्ते से वह अपने किसी परिचित से मिलने के लिए गांव शादीपुर जा रहे थे। दो बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने गांव खंडसाल और शादीपुर के बीच डंडा मारकर उन्हें गिरा दिया। एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने नकाब लगा रखा था। पशु व्यापारियों के विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें पीटा और तमंचे से गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद व्यापारियों से एक लाख दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के पास एक अपाची बाइक और दूसरी डिस्कवर बाइक बताई जा रही है। अपाची बाइक से पहले भी लूट की वारदात होना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगलों में कांबिग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। दोनों घायल पशु व्यापारियों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाल अजय कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।