बुलाकी हत्याकांड में इस्तेमाल कार को पुलिस ने किया ट्रेस
बिजनौर। बढ़ापुर कुंजेटा मार्ग पर बाइक सवारों पर गोलियां बरसाकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी थी। पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस की मानें तो पुलिस घटना के खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। कार को भी ट्रेस कर लिया गया है।
रविवार रात बढ़ापुर थाने के गांव मुकंदपुर राजमल निवासी बुलाकी सिंह, महावीर सिंह व फिरोजी सिंह पर कार में सवार बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। बुलाकी सिंह को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था, बाकी दो घायलों को मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों बाइक से बढ़ापुर के बाजार से शादी के लिए कुछ आवश्यक सामान लेकर लौट रहे थे। लाल रंग की कार में सवार बदमाशों ने गोलियां बरसाईं। घटना को अंजाम देने से पहले तीनों के साथ कहासुनी के बाद हाथापाई की गई थी। सीसी फुटेज से लाल रंग की कार ट्रेस हुई। पुलिस ने कार को दिल्ली से बरामद कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि 21 अप्रैल को गांव भजेड़ा निवासी नासिर की मौत हो गई थी। शोक में बड़ी संख्या में वाहन आए थे। सीसी फुटेज से लाल रंग की गाड़ी आई। कार में सवार लोगों का पता किया गया तो कोतवाली देहात की रजा कॉलोनी निवासी नासिर का मौसेरा बहनोई रिहान, रिहान का साला आशिक व नासिर का चाचा रफीक के नाम प्रकाश में आए। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक पुलिस हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त कार ट्रेस कर ली गई है। जल्द ही इस घटना का खुलासा होगा।