‘भाजपा ने दिया विकास और रोजगार’
नजीबाबाद। राज्य निर्माण सहकारी संघ के सभापति सूर्यप्रकाश पाल ने राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज साहनपुर और पॉलिटेक्निक कॉलेज राहतपुर में जल्द ही शिक्षण कार्य शुरू होने का आश्वासन दिया। उन्होंने गोशाला सुधार योजना के साथ चीनी मिल विस्तारीकरण का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ के सभापति सूर्यप्रकाश पाल ने सरकार की आवास, उज्ज्वला गैस, शौचालय, पंचायतघर निर्माण योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लाखों लोगों को मिलने और लाखों युवाओं को रोजगार दिए जाने की प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहुमुखी विकास के नाम पर बहुमत से मिशन 2022 को प्राप्त करेगी। भाजपा के पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह, प्रांतीय पार्षद लीना सिंघल, जिला मंत्री तरुण राजपूत, नगर अध्यक्ष मुकुल रंजन दीक्षित, नगर मंत्री अतुल रुहेला की उपस्थिति में राज्यमंत्री ने नजीबाबाद में निर्माणाधीन राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज, साहनपुर में निर्माणाधीन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा राहतपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज शुरू किए जाने की बाधाएं दूर कराने का आश्वासन दिया।
राज्यमंत्री सूर्यप्रकाश पाल ने प्रदेश की गोशालाओं के सुधार के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। किसान सहकारी चीनी मिल के विस्तारीकरण का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। भाजपा की प्रांतीय पार्षद लीना सिंघल ने महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मोनिका यादव की उपस्थिति में भाजपा प्रबुद्घ सम्मेलन में आए प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, राज्य निर्माण सहकारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यप्रकाश पाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जयपाल सिंह, राजकुमार प्रजापति, ज्ञानेंद्र ठाकुर, बलराज त्यागी, ईशम सिंह, दीपक वाल्मीकि सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।