लेखपाल अतुल राठी पर गांव राजारामपुर, काजीवाला और बादशाहपुर का चार्ज था। काजीवाला निवासी किसान का कहना है कि लेखपाल ने उनसे दाखिल खारिज कराने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे थे। इस पर उन्होंने लेखपाल को दो हजार रुपये दे दिए और इसकी वीडियो भी बना ली। वायरल वीडियो में लेखपाल पीड़ित से पैसे लेते हुए साफ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लेखपाल बिना रिश्वत के कोई भी सरकारी काम नहीं करता है।
वीडियो में लेखपाल कह रहा है कैमरा तो नहीं चल रहा है। इस पर किसान कैमरे बंद होने की बात कह रहा है। इसके बाद पैसे कम होने पर लेखपाल कह रहा है कि यह ठीक नहीं है, इन्हें वापस रख लो। तो किसान कहता है कि सही हैं रख लो। लेखपाल की पैसे लेने की वीडियो तेजी से वायरल हो रही है।
ये बोले एसडीएम
पैसे लेने की वीडियो वायरल होने के बाद लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच चल रही है। जांच अधिकारी तहसीलदार को बनाया गया है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- अवनीश कुमार, एसडीएम सदर