रात के समय आए सर्दी के पहले घने कोहरे में हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की जान चली गई। दरअसल पति- पत्नी एक बाइक से अपने घर वापस जा रहे थे कि रास्ते में घने कोहरे के कारण मोड पर उनकी बाइक पलट गई जिसमें महिला की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर गढ़ी निवासी रघुवीर सिंह का (30 वर्षीय) पुत्र महेश अपनी पत्नी मोनी (23 वर्ष) को शुक्रवार की शाम धामपुर से बाइक द्वारा दवाई दिलवाने गया था। बताया जाता है की रात्रि करीब 9 बजे घर वापस जाते समय जब उसकी बाइक नगीना- हरेवली मार्ग पर बूढ़ावाले के पुल के आगे पहुंची तो सामने आए घने कोहरे के चलते मोड पर उसकी बाइक अचानक सड़क पर गिर गई।
बाइक के सड़क पर गिरने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस द्वारा नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने पर चिकित्सकों ने मोनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि महेश को प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि महेश की शादी मोनी से करीब सात- आठ माह पूर्व ही हुई थी। महेश की पत्नी गर्भवती थी तथा उसकी दवाई लेने ही वह धामपुर गया था। दुर्घटना में मोनी की मृत्यु होने से परिवार में कोहराम मच गया।