एनएचएआई से झूठी रिपोर्ट पर जवाब तलब
नजीबाबाद। मेरठ-पौड़ी हाईवे गड्ढायुक्त होने के बावजूद पीएमओ कार्यालय को हाईवे गड्ढामुक्त किए जाने की झूठी रिपोर्ट भेजनेे को पीएमओ कार्यालय ने गंभीरता से लिया है। पीएमओ दिल्ली ने राज्य सरकार के माध्यम से एनएचएआई से झूठी रिपोर्ट का जवाब तलब किया है।
आरटीआई कार्यकर्ता आदर्श नगर निवासी मनोज शर्मा द्वारा मेरठ-पौड़ी हाईवे का बिजनौर से नजीबाबाद तक खस्ताहाल मार्ग की पीएमओ दिल्ली को शिकायत की थी। पीएमओ दिल्ली को एनएचएआई ने आरटीआई कार्यकर्ता की शिकायत के संबंध में तीन अगस्त को पत्र भेजकर हाईवे गड्ढामुक्त किए जाने की भ्रामक सूचना दी थी। पीएमओ कार्यालय को गुमराह किए जाने का समाचार अमर उजाला के 13 अगस्त के अंक में सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, पीएमओ को भेज दी गड्ढामुक्त की रिपोर्ट प्रमुखता के साथ प्रकाशित हुई थी। आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा अमर उजाला की खबर के साथ पीएमओ कार्यालय को नेशनल हाईवे अथॉरिटी की झूठी रिपोर्ट से अवगत कराया गया। पीएमओ कार्यालय ने राज्य सरकार के माध्यम से 23 अगस्त को नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को भ्रामक सूचना के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया है। एनएचएआई के जीएम डीके चतुर्वेदी ने समाचार प्रकाशित होने के बाद नजीबाबाद से कोटद्वार हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे भरने के लिए आनन-फानन में औपचारिकता पूरी कराई थी। वर्षा का पानी गड्ढों में डाले गए रेत-बजरी आदि को बहा ले गया। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से खतरनाक ढंग से आवागमन जारी है।