कोरोना वायरस के नए वैरियंट ओमिक्रॉन को लेकर सरकार गंभीर है। अस्पतालों में उपलब्ध सुविधा की लगातार निगरानी की जा रही है। शनिवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम ने सीएचसी औराई का जायजा लिया। दवाओं की उपलब्धता, ऑक्सीजन प्लांट की स्थिति के अलावा अन्य व्यवस्था भी टीम ने देखी। कुछ जरूरी उपकरण न होने पर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। उसके बाद जिले में पांच ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हुए। अब कोरोना के नये वैरियंट से निपटने के लिए तैयार व्यवस्थाओं की हकीकत देखी जा रही है। शनिवार को डब्ल्यूएचओ के सर्वेयर अधिकारी डॉ. पवन तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ट्रामा सेंटर में बने कोविड-19 के मरीजों के लिए बने वार्ड को देखा। जहां पर कुछ दवाएं और उपकरण नहीं मिले। जिसकी व्यवस्था के लिए एक सूची बनाकर मंगवाने के लिए कहा। इस मौक पर डॉ. अंबरीश सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र, प्रदीप कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।