रबी सीजन में किसानों से डीएपी का दाम निर्धारित शुल्क से अधिक लेना दो सचिवों को भारी पड़ गया। दोनों के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। सीडीओ के निर्देश पर एडीओ कृषि को जांच सौंपी गई है। एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
गेहूं की बुआई के सीजन में डीएपी की किल्लत होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आपूर्ति और जरूरत के बीच अंतर होने के कारण निजी दुकानों से भी किसानों को खरीदारी करनी पड़ी। इस दौरान कुछ सचिवों ने लाभ उठाने का प्रयास किया और तय रेट से अधिक कीमत किसानों से लिया। किसानों ने अभोली के मतेथू सहकारी समिति और कृषक सेवा केंद्र सुरियावां की शिकायत सीडीओ से की। आरोप लगाया कि डीएपी की तय रेट से 100 से 150 रुपये अधिक बढ़ाकर लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच का निर्देश दिया। जिस पर एडीओ कृषि को जांच सौंपी गई। सीडीओ ने बताया कि जांच सौंपकर रिपोर्ट मांगी गई है। अगर शिकायत सही मिलेगी तो सचिवों पर कार्रवाई की जाएगी।