भदोही के औराई थाना क्षेत्र के उगापुर गांव में बुधवार को गृह कलह से ऊबकर फंदा लगा लिए जाने से धर्मेंद्र गौतम (26) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता लालचंद गौतम ने बताया कि धर्मेंद्र की शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी और वह एक पुत्र का पिता भी है। देर रात पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन होने के कारण वह खिन्न था। परिवार को बिना कुछ बताए घर से दो सौ मीटर दूर स्थित एक निजी नलकूप के पास पेड़ में रस्सी बांधकर फंदा लगाकर जान दे दी। नलकूप की ओर जाने वालों की नजर जब रस्सी से झूलते धर्मेंद्र पर पड़ी तो शोर मचाया। शोरगुल सुनकर बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।