गोपीगंज थानाक्षेत्र के सीखापुर गांव की महिला की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने जंगीगंज चौकी इंचार्ज को हटा दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती के नेतृत्व में इस मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। क्राइम ब्रांच भी इस मामले में तथ्य जुटाने में लगी है।
सीखापुर गांव की शशिकला 14 मई को गायब हो गई थीं। उनके पिता ने अपहरण की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बीते 26 मई की शाम सोबरी गांव के एक कुएं में बोरे में उनका शव मिला। बीते 27 मई को उनकी शिनाख्त की गई। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस प्रकरण का खुलासा करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती की निगरानी में पांच टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि लापरवाही बरतने में चौकी इंचार्ज जंगीगंज अकरम खान को हटा दिया गया है। अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच भी तथ्यों के संकलन में जुटी है। सीओ ज्ञानपुर भुवनेश्वर पांडेय जांच कर रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।