अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसकी तैयारी को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने योग की उपयोगिता पर जोर दिया। कहा कि योग दिवस के दिन एक साथ जीआईसी में योग कराया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर योग दिवस के कार्यक्रम के लिए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर का चयन किया गया है। सभी शहीद स्थलों, पार्कों, ग्राम पंचायतों, विकासखंडों, तहसीलों, नगरीय निकायों, सभी संस्थाओं, कार्यालयों द्वारा अपने स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा। जीआईसी परिसर में आयोजित योग दिवस पर योगाभ्यास कराने, मंच की व्यवस्था व वॉलंटियर्स की उपस्थिति के लिए पतंजलि योगपीठ के संदेश योगी को दायित्व सौंपा गया है। करीब पांच हजार लोग यहां आएंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल, खेल विभाग, कमांडेंट होमगार्ड, पुलिस विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, केएनपीजी कॉलेज, पतंजलि योगपीठ, गायत्री परिवार आदि द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए प्रतिभागियों की संख्या तय की जाएगी। विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल पर ले आने, बैठाने तथा उन्हें कार्यक्रम समाप्त होने पर वापस भेजने के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उक्त विभागों के अधिकारी निर्धारित संख्या के अनुसार प्रतिभागियों का चयन कर के सूची तैयार कर लें। कार्यक्रम सुबह छह बजे होगा।