गोपीगंज कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार की शाम नथईपुर-गांधी मोड़ से कटिहार गैंग के इनामी बदमाश सूरज यादव उर्फ गुल्ला निवासी फूलपुर कंजड़ बस्ती वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
शनिवार को कोतवाली में पत्रकारों से बात करते हुए सीओ सदर एके सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 हजार के इनामी बदमाश सूरज यादव की तलाश पुलिस को तीन वर्ष से थी। 18 सितंबर 2017 को मधुपुर-कुसौड़ा सुरियावां निवासी कमलेश दुबे ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके स्कार्पियो का शीशा तोड़कर अज्ञात लोगों ने दो बैग में रखे 75 हजार, एक लाइसेंसी रिवाल्वर समेत जरूरी कागजात की चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। विवेचना में सूरज यादव का नाम सामने आने पर वह आंखमिचौली खेलने लगा। नथईपुर-गांधी मोड़ से बदमाश को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 19,500 रुपये नकद व तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। सूरज यादव कटिहार गैंग के लिए काम करता है। पूछताछ में कुछ और लोगों का नाम सामने आया है जिनकी तलाश जारी है। सूरज यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा, विनोद कुमार दुबे, बृजेश सिंह, नरेंद्र यादव, सुनील कनौजिया, अजय यादव, सर्वेश राय, सुभाष सिंह, नरेंद्र सिंह, तुफैल अहमद, दीपक यादव, अकरम खान, वीरेंद्र यादव, अश्वनी सिंह, अरविंद यादव, संजय जायसवाल, रामविलास यादव शामिल रहे।