कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन को लेकर की गई बैरिकेडिंग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
विधानसभा चुनाव के लिए जिले में 10 फरवरी से शुरू होने वाले नामांकन की तैयारी तेज हो गई है। सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से डीएम और निर्वाचन कार्यालय तक बैरिकेडिंग की जा रही है। तीन स्थानों पर बैरियर लगाए जा रहे हैं। पूरी नामांकन प्रक्रिया तक कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी गतिविधियों की सीसी कैमरे से रिकार्डिंग कराई जाएगी।
सातवें चरण में सात मार्च को ज्ञानपुर, भदोही और औराई विधानसभा के लिए मतदान होना है। इसके लिए नामांकन 10 फरवरी से कलेक्ट्रेट में शुरू हो जाएगा। वैसे तो पुलिस और प्रशासन की ओर से वन विभाग कार्यालय जाने वाले मार्ग पर ही बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोक दिया जाएगा, लेकिन मुख्यालय के मेनगेट से सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक को प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन से 10 दिन पूर्व ही मेनगेट से निर्वाचन कार्यालय, मतगणना स्थल, एसडीएम न्यायालय कक्ष और डीएम कार्यालय तक बैरिकेडिंग की जा रही है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त कर रही है। नामांकन से पांच दिन पूर्व ही सभी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उधर, जिन अफसरों के कोर्ट कक्षों में नामांकन होना है, वहां की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नामांकन, कोविड नियमों का पालन करते हुए कराया जाएगा। केवल प्रत्याशी एवं उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।