माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल के गृह विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें 521 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त रहा। विभिन्न केंद्रों का उड़न दस्ते ने भ्रमण किया।
पहली पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 7,570 विद्यार्थियों में से 521 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। इंटरमीडिएट उर्दू में पंजीकृत 175 में से 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में वाणिज्य विषय की परीक्षा कराई गई। सामान्य विषयों की परीक्षा होने से 90 की बजाय 20 से 25 केंद्रों पर ही परीक्षा हुई। कई केंद्रों पर गिने-चुने परीक्षार्थी ही आए। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने कहा कि सभी केंद्रों को जिला कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। साथ ही चार उड़न दस्ते भी लगातार निरीक्षण करके जांच कर रहे हैं। नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की चित्रकला, रंजन कला और इंटरमीडिएट के भूगोल विषय की परीक्षा कराई जाएगी।