एक क्लिक पर मिलेगी टीकाकरण की जानकारी
ई-विन पोर्टल को किया गया है अपडेट
कोल्ड चेन हैंडलर्स को दिया गया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नियमित टीकाकरण के ई-विन पोर्टल को अपडेट किया गया है। पोर्टल के एडवांस एडिशन के जरिए एक क्लिक पर सारी जानकारी मिल जाएगी। साथ ही टीके का प्रबंधन और सरल हो जाएगा। किसी ब्लॉक में टीके की मांग ज्यादा होने पर जिले के वैक्सीन स्टोर या ब्लॉक स्तरीय कोल्ड चेन प्वाइंट से वहां की जरूरत भी की जाएगी।
इसके लिए कोल्ड चेन हैंडलर्स को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यूएनडीपी के वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले में जिला व मंडल स्तरीय वैक्सीन स्टोर सहित 18 जगहों पर वैक्सीन स्टोर संचालित है। सभी को ई-विन पोर्टल से जोड़ा गया है। पोर्टल के माध्यम से इसकी निगरानी की जाती है। अपडेट होने के बाद इसमें वैक्सीन प्रबंधन की व्यवस्था को शामिल कर दिया गया है। अगर किसी वैक्सीन स्टोर पर अमुख वैक्सीन की मांग है तथा किसी पर स्टॉक ज्यादा है तो ज्यादा स्टॉक से मांग वाली जगह पर वैक्सीन भेजी जाएगी।
इसके अलावा अगर किसी ब्लॉक में टीकाकरण के लिए कोई विशेष कार्यक्रम तैयार किया गया है तो वह ब्लॉक इसी पोर्टल के माध्यम से डिमांड करेगा तथा डिमांड के आधार पर वहां वैक्सीन क व्यवस्था कराई जाएगी। अब तक प्राय: यह देखा जा रहा था कि कहीं स्टॉक डंप है तो कहीं कमी के कारण टीका नहीं लग पा रहा है। कोल्ड चेन मैनेजर ने बताया कि एडवांस एडिशन में एक क्लिक पर कोल्ड चेन प्वाइंट की वैक्सीन का तापमान, स्टॉक सहित अन्य जानकारी हासिल की जा सकेगी। यह एक बड़ा बदलाव है।
वाईफाई से जुड़ सकेगा टेम्प्रेचर लॉगर
कोल्ड चेन मैनेजर हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि एडवांस एडिशन में टेम्प्रेचर लॉगर को वाईफाई से भी जोड़ा जा सकेगा। अब तक इसके लिए मोबाइल का सिम इस्तेमाल किया जाता था। कभी-कभी नेटवर्क न होने व सिम के काम न करने के कारण कोल्ड चेन प्वाइंट की निगरानी नहीं हो पाती थी। अब सभी कोल्ड चेन प्वाइंट को जिले की इस नई व्यवस्था में जोड़ा जा सकेगा। इससे वैक्सीन के रखरखाव में पारदर्शिता आएगी तथा गुणवत्ता को बनाए रखना और आसान होगा।
सभी कोल्ड चेन प्वाइंट के कोल्ड चेन हैंडलर्स को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया गया है। इस व्यवस्था से वैक्सीन का प्रबंधन और आसान हो जाएगा। इसका फायदा लाभार्थियों को मिलेगा। डॉ. एफ हुसैन, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी