इंटर कॉलेजों में 11 व 12 दिसंबर को लगेगा टीकाकरण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के सभी इंटर कॉलेजों में 11 एवं 12 दिसंबर को कोरोनारोधी टीकाकरण कैंप लगेगा। शिविर का आयोजन छूटे बच्चों और उनके अभिभावकों के टीकाकरण के उद्देश्य से डीएम सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर किया जा रहा है।
डीएम ने शिविर लगाने का निर्देश सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रतिनिधियों के साथ बैठक में दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि दुनिया के कई देशों के साथ ही भारत में भी कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन दस्तक दे चुका है। ऐसे में सभी को सतर्क रहने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने की जरूरत है। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। 11 एवं 12 दिसंबर को सभी इंटर कॉलेज में कैंप का आयोजन होगा। डीएम ने प्रधानाचार्यों से कहा कि वे टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए सेल्फी प्वाइंट, नुक्कड़ नाटक, आलेख, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन करें। इस मौके पर डीआईओएस डीएस यादव, बीएसए जगदीश शुक्ल सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रतिनिधि मौजूद रहे।