नकली चांदी की पायल बेचते तीन गिरफ्तार
- गोंडा के तीन टप्पेबाजों में दो महिला शामिल
- परशुरामपुर के रायपुर बाजार में पकड़े गए तीनों
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दुकानदारों को चपत लगाने की नई-नई तरकीब निकालने वाले टप्पेबाजों ने रविवार को एक स्वर्ण व्यवसायी को नकली चांदी की पायल बेचने की कोशिश की। गनीमत रही कि दुकानदार ने उनकी चालाकी भांप ली और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गोंडा जिले के तीन टप्पेबाजों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि सात जोड़ी डुप्लीकेट पायल के साथ मौके से आरोपी गोंडा के वजीरगंज क्षेत्र के चंदापुर निवासी इंद्रदेव चौरसिया के साथ वजीरगंज क्षेत्र की रहने वाली विनीता उर्फ रूपा व प्रमिला को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी आनंद कौशल ने रायपुर बाजार में सराफा की दुकान खोल रखी है। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर बाद दो महिलाओं के साथ एक पुरुष उनकी दुकान पर पहुंचा। दुकानदार से उन सबने चांदी की पायल बेचकर नई चांदी की पायल लेने की बात कही। इसके बाद सात जोड़ी चांदी जैसी दिखने वाली धातु की पायल दिया। दुकानदार के अनुसार जिसका वजन 860 ग्राम था। व्यवसायी ने पायल को चेक किया तो समझ गया कि यह नकली सामान है। उसने शोर मचाकर आसपास के दुकानदारों को बुला लिया। इसी बीच प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।